Home न्यूज जीविका दीदियों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, कल्याणकारी योजनाओं व महिला हेल्पलाइन...

जीविका दीदियों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, कल्याणकारी योजनाओं व महिला हेल्पलाइन 181 की दी गई जानकारी

मोतिहारी। यूथ मुकाम न्यूज नेटवर्क
महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार सरकार के निर्देशानुसार आज पताही प्रखंड में जीविका समूह की महिलाओं के साथ एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला अधिकारों तथा सरकारी सहायता तंत्र की जानकारी प्रदान करना एवं उन्हें सामाजिक, आर्थिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक वीरेंद्र राम ने महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाना और उन्हें इनका लाभ दिलाना विभाग की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक निधि कुमारी ने महिलाओं के लिए जिला स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं एवं सहायता सेवाओं की जानकारी दी। वहीं जेंडर विशेषज्ञ निर्भय कुमार ने लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा तथा महिलाओं के कानूनी अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ रितेश कुमार ने जीविका दीदियों को वित्तीय प्रबंधन, बचत, बैंकिंग सेवाओं के उपयोग, स्वरोजगार तथा सरकारी अनुदान योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
‘सखी वार्ता’ एवं महिला हेल्पलाइन 181 पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला हेल्पलाइन-181 के महत्व और उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि घरेलू हिंसा, मानसिक या शारीरिक प्रताड़ना, उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार की संकटपूर्ण स्थिति में महिलाएं टोल-फ्री नंबर 181 पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
साथ ही पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाने वाले ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी महिला भी इन सुविधाओं का लाभ उठा सके।

Previous articleटीबी उन्मूलन को मिलेगी रफ्तार, कफ अगेंस्ट टीबी ऐप को लेकर सीएचओ क़ो मिला दो दिवसीय प्रशिक्षण
Next articleबिहार में एक और रिश्वतखोर चढ़ा निगरानी के हत्थे, जमाबंदी अनलॉक करने के नाम पर ले रहा था 15 हजार, इस जिले की घटना