मधुबनी में शराब की बड़ी खेप के साथ जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी का पति धराया

    बिहार डेस्क। यूथ मुकाम न्यूज नेटवर्क
    मधुबनी में शराब की बड़ी खेप के साथ जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी और मुखिया रूपम कुमारी के पति बीरेंद्र कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है। मुखिया पति के पास से 120 लीटर शराब बरामद की गई। बीरेंद्र यादव शराब मामले में उत्पाद विभाग के रडार पर था।

    उत्पाद विभाग की टीम को मुखिया पति बीरेंद्र यादव और उसके काले कारोबार की जानकारी पहले से थी। जब इस बात की गुप्त सूचना उत्पाद विभाग की टीम को मिली थी तब से उसके घर और गोदाम की निगरानी लगातार की जाने लगी। उत्पाद अधीक्षक विजय कांत ठाकुर के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए बीरेंद्र यादव को उसके घर से गिरफ्तार किया। घर में 24 कार्टन में रखे 120 लीटर शराब भी बरामद की गई। सूत्रों की माने तो शराब के अवैध धंधे से बीरेंद्र यादव ने कई अचल संपत्तियां और चल संपत्तियां अर्जित की है।

    बता दें कि शराब माफिया बीरेंद्र यादव की पत्नी रूपम कुमारी खजौली विधानसभा से 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव जनसुराज के टिकट पर लड़ चुकी है, हालांकि जीत हासिल नहीं हो पाई। मिली जानकारी के अनुसार प्रशांत किशोर की पार्टी की उम्मीदवार बनीं रूपम कुमारी के चुनाव प्रचार के लिए उनके पति शराब तस्कर बीरेंद्र यादव ने खूब मेहनत की थी। चुनाव प्रचार में जमकर पैसा खर्च किया था। पत्नी की जीत के लिए जन सुराज के संरक्षक प्रशांत किशोर के साथ बीरेंद्र यादव ने खूब प्रचार-प्रसार किया था।

    शराब की खेप के साथ मुखिया पति को अरेस्ट किया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद अब सवाल यह उठता है बिहार विधानसभा चुनाव की पूर्व प्रत्याशी और मुखिया रूपम कुमारी के पति द्वारा शराबबंदी वाले राज्य में इस अवैध कारोबार में लिप्त रहने से शराबबंदी कैसे सफल होगी। एक पहुंच वाला व्यक्ति पूर्व मुखिया ,विधानसभा चुनाव के पूर्व प्रत्याशी सह मुखिया पति कैसे सरकार की शराबबंदी कानून का मखौल उड़ाता रहा।

    यह शराबबंदी वाले बिहार में अवैध शराब कारोबार का जीता जागता उदाहरण है।

    Previous articleमुजफ्फरपुर में ननिहाल आई नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म, क्षेत्र में तनाव